रफ्तार का कहर: बिहार हादसे में 13 लोगों की गई जान, 23 जख्मी

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया
  • मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोढ़ा प्रखंड के बांसगड़ा चौक (एनएच-31) की है जब शनिवार शाम को बस, ट्रक, पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। कटिहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी ने हादसे में मरने वाले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक बस और सामने से आ रही पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पास से गुजर रहे ट्रक और मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गए। कोढ़ा प्रखंड के बांसगड़ा चौक (एनएच-31) पर हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत कोढ़ा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 23 लोगों के गंभीर रुप से घायल होने की सूचना है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया स्थित हायर सेंटर और अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है। यह हादसा इतना भयावह था कि पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। इस घटना के बारे में बताया जा रहा है की पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर पूर्णिया के रानीपतरा थाना क्षेत्र के शोभा लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोगों ने इलाज के दौरान कटिहार सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वैन में सवार लोग आदिवासी समुदाय से थे और झारखंड से पूर्णिया लौट रहे थे। वैन में करीब 35-40 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की मौत हो गई। कोढ़ा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने कहा कि कुछ घायलों ने आरोप लगाया है कि बस चालक नशे में था और रास्ते में कई जगह वाहन को टक्कर मार चुका था। हालांकि, पुलिस को अब तक चालक के नशे में होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। बस चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है जिसका इलाज चल रहा है। फ़िलहाल फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता
पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि यह सड़क हादसा काफी दुखद है। प्रशासन सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया करवा रही है। जिले के वरीय अधिकारी लगातार जीएमसीएच में बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50_50 हजार मुआवजे के रूप में दी जा रही है। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में मौत होने से आश्रितों को जो मुआवजा देने का प्रावधान है, उसे भी दिया दिया जाएगा। अधिकारियों को तत्काल पीड़ितों के खाते में राशि मुहैया करवाने का निर्देश दिया गया है।

घायलों के नाम इस प्रकार है- 1) काला हांसदा (50)- सहुआ मुफस्सिल, 2) रोशनी मुर्मू (7)- लवेरिया, 3) सुरघुस (7)- कटिहार, 4) रोशनी मुर्मू (4)- ठिकरी, 5) बीनू हांसदा (50)- पूर्णिया, 6) टेरेसा कुमारी (9)- कटिहार, 7) खुशबू मरांडी (19)- पूर्णिया, 8) रविन्द्र कुमार (40)- बेगुसराय, 9) बाबू लाल हांसदा (25)- सहुआ मुफस्सिल, 10) जीतू टुड्डू (45)- कुरसेला डगरूआ, 11) अजय हांसदा (24)- रानीपतरा, 12) ननकू हांसदा (55)- पूर्णिया, 13) संजय सोरेन (35)- कटिहार, 14) अनुप लाल टुड्डू ( 45)- कुम्हला कदवा, 15) उर्मिला देवी ( 35)- बीकोठी, 16) हंजू हांसदा (65)- सहुआ रानीपतरा, 17) रोहित कुमार (23)- केनगर। जबकि कई घायल ऐसे हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
 

Latest news

Related news