Election Update 2026 : नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी: विधानसभा चुनावों के लिए आज हो रहे मतदान में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने के लिए मिल रहा है. चुनाव आयोग द्वारा शाम 5 बजे तक जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 86.92 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है, वहीं असम में 84.42 प्रतिशत और केरल में 75.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
Election Update 2026 : दिग्गजों ने डाला वोट, रंगास्वामी की ‘मोटरसाइकिल’ परंपरा रही बरकरार
सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन जैसे बड़े नेताओं ने शुरुआती घंटों में ही मतदान किया. पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने अपनी सादगी से सबका ध्यान खींचा; वे अपनी पुरानी परंपरा को निभाते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर वोट डालने पहुंचे.
तीन राज्यों का चुनावी समीकरण
आज हो रही वोटिंग के जरिए तीन राज्यों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा:
-
असम: 126 सीटें
-
केरल: 140 सीटें
-
पुडुचेरी: 30 सीटें
केरल: 2.6 करोड़ मतदाताओं के हाथ में सत्ता की चाबी
केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 883 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. राज्य में कुल 2.6 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 1,38,27,319 , पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,31,26,048 और थर्ड जेंडर के 277 मतदाता हैं. ढाीई करोड़ से अधिक मतदाताओं में युवा मतदाता (18-19 साल) की संख्या 4,24,518 हैं वहीं बुजुर्ग मतदाता (85+ साल) की संख्या 2,04,608 है. सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 30,471 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं.
असम: कड़ी सुरक्षा और हाई-टेक निगरानी
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनावी मैदान में 722 उम्मीदवार हैं. यहां कुल 2.5 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालने के पात्र हैं.यहां कुल मतदाताओं की संख्या 2,50,54,463 है, जिसमें 1.25 करोड़ पुरुष और 1.25 करोड़ महिलाएं शामिल हैं.
-
वेबकास्टिंग: चुनाव आयोग ने पारदर्शिता के लिए सभी 31,490 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा दी है.
-
स्टाफ: चुनाव संपन्न कराने के लिए 1.51 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।
-
मशीनें: सुचारू मतदान के लिए 41,320 बैलेट यूनिट और 43,997 VVPAT मशीनों का उपयोग किया जा रहा है.
पुडुचेरी: छोटा राज्य, बड़ा उत्साह
पुडुचेरी की 30 सीटों पर 10,14,070 मतदाता वोट डाल रहे हैं. इनमें महिलाओं की संख्या (5,39,125) पुरुषों (4,74,788) से अधिक है. युवा मतदाताओं (18-19 वर्ष) की संख्या 24,156 है, जो लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

