PM JANMAN Scheme : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के आकांक्षी विकासखंड गौरेला में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है. इस योजना ने ना केवल विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों को छत दी है, बल्कि उनके जीवन स्तर को भी ऊँचा उठाया है.
PM JANMAN Scheme : 80 प्रतिशत कार्य हुआ पूर्ण
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने बताया कि गौरेला ब्लॉक में कुल 1080 जनमन आवास स्वीकृत किए गए थे. प्रशासन की सक्रियता और कुशल प्रबंधन के चलते अब तक 754 आवास पूरी तरह तैयार हो चुके हैं. यह कुल लक्ष्य की लगभग 80 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है.
तेजी से जारी है निर्माण कार्य
रावटे ने जानकारी दी कि शेष बचे आवासों का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है. निर्माण की गुणवत्ता और समय सीमा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है.
बैगा परिवारों के चेहरों पर आई मुस्कान
इस योजना का सबसे सकारात्मक प्रभाव बैगा आदिवासी परिवारों पर पड़ा है। वर्षों तक कच्चे और असुरक्षित मकानों में जीवन बसर करने वाले इन परिवारों को अब अपना पक्का घर मिल गया है। हितग्राहियों का कहना है कि सुरक्षित छत मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे एक बेहतर भविष्य की ओर देख रहे हैं.
सरकार की इस पहल ने आदिवासी अंचलों में न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत किया है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित हुई है.

