‘नीतीश कुमार कहीं नहीं जा रहे” – JDU का बड़ा दावा, इस्तीफे की अटकलों पर लगा ब्रेक!

Bihar CM Nitish Kumar:बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के इस्तीफे को लेकर चल रही अटकलों के बीच जेडीयू नेता खालिद अनवर (Khalid Anwar) ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि “नीतीश कुमार कहीं नहीं जा रहे हैं और बिहार में मुख्यमंत्री पद की कोई वेकेंसी नहीं है.”

यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) लगातार नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सवाल उठा रहे हैं. जेडीयू ने इस बयान के जरिए विपक्ष के दावों को सिरे से खारिज करने की कोशिश की है.

Bihar CM Nitish Kumar की समृद्धि यात्रा अंत नहीं,नई शुरुआत

खालिद अनवर ने ‘समृद्धि यात्रा’ के समापन पर कहा कि यह यात्रा किसी अंत का संकेत नहीं,बल्कि एक नई शुरुआत है. उनके मुताबिक, जब से नीतीश कुमार ने बिहार की कमान संभाली है, तब से राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है. उन्होंने कहा कि यह अभियान बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने की दिशा में एक अहम कदम है.

जनता का भरोसा और भावनात्मक जुड़ाव

समृद्धि यात्रा के दौरान कई जगहों पर लोगों ने भावुक होकर मुख्यमंत्री से बिहार न छोड़ने की अपील की. “नीतीश कुमार बिहार में ही रहें” जैसे नारे भी लगे.

इस पर खालिद अनवर ने कहा कि यह जनता के विश्वास और लगाव का प्रतीक है. उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार बिहार के बेटे हैं और यहीं रहेंगे.”

CM पद को लेकर साफ संदेश

सीएम पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने दो टूक कहा कि फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है जहां पद खाली हो. ‘जब तक नीतीश कुमार खुद कोई निर्णय नहीं लेते, तब तक सभी अटकलें बेबुनियाद हैं.’

बयान के सियासी मायने

जेडीयू नेता के इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है. यह साफ संदेश देने की कोशिश है कि बिहार में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है और सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी.

नालंदा में जेडीयू एमएलसी Neeraj Kumar ने भी कहा कि बिहार को आगे भी नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहेगा.

विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए खालिद अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार को हटाए जाने की बात पूरी तरह गलत है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा जाने जैसे फैसले भी व्यक्तिगत होते हैं और किसी दबाव में नहीं लिए जाते. जेडीयू का दावा है कि जनता ने विकास के नाम पर जनादेश दिया है और वह चाहती है कि नीतीश कुमार ही नेतृत्व करते रहें.

बिहार की राजनीति में सस्पेंस बरकरार

हालांकि, जेडीयू के इस बयान से अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश जरूर हुई है, लेकिन बिहार की सियासत में सस्पेंस अभी भी बना हुआ है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि राजनीतिक घटनाक्रम किस दिशा में जाता है.

Latest news

Related news