क्या फिर एक होंगे चाचा-भतीजा? चिराग पासवान ने पशुपति पारस के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, सियासत गरमाई

Chirag Paswan खगड़िया : बिहार की सियासत में ‘चाचा-भतीजा’ की रार जगजाहिर है लेकिन सोमवार को खगड़िया के शहरबन्नी से आई एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. पार्टी और परिवार में हुई बड़ी टूट के बाद यह पहला मौका था जब दोनों के बीच ऐसी गर्मजोशी देखी गई.

Chirag Paswan और Pashupati Paras का पैतृक गांव में भावुक मिलन

चिराग पासवान सोमवार को खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव शहरबन्नी पहुंचे थे. मौका था उनके दिवंगत चचेरे चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि देने का. चिराग ने सबसे पहले अपने पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान और पूर्वजों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद उन्होंने दिवंगत अर्जुन पासवान के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की.

इसी दौरान वहां मौजूद पशुपति कुमार पारस को देखते ही चिराग ने झुककर उनके पैर छुए. पारस ने भी भतीजे के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया. हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, यह साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इस मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या पासवान परिवार के रिश्तों के बीच जमी बर्फ अब पिघलने वाली है?

बिहार की नई सरकार और सीएम चेहरे पर बड़ा बयान

पटना और हाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने बिहार की आगामी सरकार के स्वरूप पर भी स्थिति स्पष्ट की। चिराग ने कहा:

“NDA के सभी दलों के बीच नई सरकार को लेकर मोटा-मोटी सहमति बन गई है, जिसकी औपचारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी। सरकार जिसके भी नेतृत्व में बने, उसमें नीतीश जी का मार्गदर्शन रहेगा, लेकिन मेरी प्राथमिकता है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का हो।”

चिराग ने यह भी साफ कर दिया कि वह खुद मुख्यमंत्री बनने की रेस में शामिल नहीं हैं. उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि गृहमंत्री के तौर पर उनका मॉडल आने वाले समय में दिखाई देगा.

शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस

इस दौरे के दौरान चिराग पासवान ने अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उनके साथ खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और पार्टी के कई विधायक भी मौजूद रहे. सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि अर्जुन पासवान का निधन पूरे समाज और परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है और पूरी पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.

इस मौके पर लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी, विधायक बाबूलाल शौर्य, संजय सिंह, और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

Latest news

Related news