Trump Iran attack delay : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ सामने आया है. अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब Strait of Hormuz में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की आवाजाही बाधित होने से वैश्विक चिंता बढ़ गई थी.
ट्रंप ने सोमवार (23 मार्च 2026) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए बताया कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच “सार्थक और रचनात्मक बातचीत” हुई है. इसी के मद्देनजर उन्होंने पेंटागन को निर्देश दिया है कि अगले 5 दिनों तक ईरान के पावर प्लांट और एनर्जी ठिकानों पर कोई हमला न किया जाए.
Trump Iran attack delay:बातचीत पर निर्भर करेगा आगे का फैसला
राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ किया कि यह राहत स्थायी नहीं है. उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से जारी वार्ता की सफलता पर निर्भर करेगा. अगर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है, तो तनाव कम हो सकता है, अन्यथा स्थिति फिर से बिगड़ सकती है.
48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद बदला रुख
गौरतलब है कि इससे कुछ ही घंटे पहले ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर Strait of Hormuz को बिना शर्त नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के बड़े पावर प्लांट्स पर हमला करेगा.
ईरान का कड़ा जवाब
अमेरिका की इस धमकी पर ईरान के राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी “बेबुनियाद धमकियों” से डरने वाला नहीं है और यह बयान अमेरिका की हताशा को दर्शाता है.
वैश्विक नजरें वार्ता पर
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति के प्रमुख मार्ग Strait of Hormuz की अहमियत को देखते हुए अब पूरी दुनिया की नजरें अमेरिका-ईरान वार्ता पर टिकी हैं. आने वाले कुछ दिन यह तय करेंगे कि हालात युद्ध की ओर बढ़ेंगे या कूटनीति से समाधान निकलेगा.

