Prayagraj Ammonia gas leak : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में सोमवार (23 मार्च 2026) को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक आलू कोल्ड स्टोरेज में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके साथ ही इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
VIDEO | Prayagraj: Ammonia gas leak reported at a cold storage facility in Chandapur, Phaphamau… Rescue operations are underway. Further details awaited. pic.twitter.com/RJomQWXdmq
— Press Trust of India (@PTI_News) March 23, 2026
Prayagraj Ammonia gas leak : कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज की इमारत काफी जर्जर हालत में थी. इसी दौरान छत या छज्जा गिर गया, जिससे अमोनिया गैस की पाइपलाइन फट गई या टैंक में विस्फोट हो गया. इसके बाद तेज धमाका हुआ और जहरीली गैस फैलने लगी. इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए.
मौत और घायलों का आंकड़ा
हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि 20-25 लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है.
मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं. रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है. मलबा हटाया जा रहा है. गैस लीक को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है, वहीं घायल लोगों को तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है.
अमोनिया गैस से फैली दहशत
अमोनिया गैस के रिसाव से पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी.
लोग नाक-मुंह पर कपड़ा बांधकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. विशेषज्ञों के अनुसार, अमोनिया गैस बेहद जहरीली होती है और इससे आंखों में जलन,सांस लेने में परेशानी और गंभीर स्थिति में मौत भी हो सकती है.
राहत और बचाव कार्य जारी
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है. प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है.

