एलपीजी और तेल संकट पर केंद्र सरकार विफल, जनता परेशान और प्रधानमंत्री चुनावी रैलियों में व्यस्त- राजेश राम

पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने देश में उत्पन्न एलपीजी और तेल संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में एलपीजी और तेल की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं। सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और कई जगहों से ऐसी दुखद खबरें सामने आ रही हैं कि लोग घंटों लाइन में लगने के दौरान अपनी जान तक गंवा रहे हैं। राजेश राम ने कहा कि यह स्थिति बेहद भयावह और चिंताजनक है, लेकिन इस संकट को पैदा करने वाली केंद्र सरकार के लिए जनता की परेशानी से ज्यादा चुनावी राजनीति महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री इस गंभीर स्थिति के बावजूद पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों में व्यस्त हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि खुद चुनावी मंचों से बड़े-बड़े वैश्विक व्यापार समझौतों की बातें कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब देश की जनता एलपीजी और तेल के संकट से जूझ रही है, तब क्या सरकार का पूरा ध्यान इस समस्या के समाधान पर नहीं होना चाहिए? राजेश राम ने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति में भी अगर सरकार के लिए राजनीति और चुनाव ही सर्वोपरि है, तो यह देश की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने केंद्र सरकार से अविलंब हस्तक्षेप कर एलपीजी और तेल की आपूर्ति को सुचारू करने तथा जनता को राहत देने की मांग की।

Latest news

Related news