Friday, February 13, 2026

शिवराज प्लान से भारत बनेगा दालों का सुपर सप्लायर, बीज ग्राम के साथ लगेंगी हजारों मिले

सीहोर : मध्य प्रदेश के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा, यहां सीहोर के अमलाहा में राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन अंतर्गत राष्ट्रीय परामर्श व रणनीति सम्मेलन का शुभारंभ हुआ. इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 9 राज्य के कृषि मंत्री व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ दलहन मिशन पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके साथ ही शिवराज ने देशभर में बीज ग्राम शुरू करने की घोषणा की.

 

क्या है दलहन मिशन पोर्टल?

दलहन मिशन पोर्टल एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल है जिससे प्रदेश ही नहीं पूरे देश में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा. यह पोर्टल किसानों के लिए वरदान से कम नहीं है. दलहन मिशन पोर्टल किसानों को दलहन व बीजों से जुड़ी नई तकनीकी जानकारी व कृषि सेवाओं डिजिटल माध्यम और आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगा.

इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ''आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नेरंद्र मोदी जी ने तय किया कि देश में दलहन का उत्पादन बढ़ना चाहिए. हमारा संकल्प है कि मसूर हो, चना हो, उड़द हो, बटरा हो, मूंग हो, इन सभी की उत्पादकता बढ़ाएंगे. इन्हें बोने पर उत्पादन अधिक मिले इसकी कोशिश करेंगे. हम उन्नत बीज भी लगातार बना रहे हैं.''

 

 

देशभर में 1 हजार नई दाल मिलें होंगी स्थापित

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अमलाहा में आयोजित दलहन कॉन्फ्रेंस में घोषणा करते हुए 1 हजार नई दाल मिलें स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि इन दाल मिलों में से 55 दाल मिलें मध्य प्रदेश में शुरू होंगी. केंद्रीय मंत्री ने एमएसपी पर कहा कि तुअर 8000 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द 7800 रुपए, चना 5875 रुपए और मसूर 7000 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी. शिवराज सिंह ने कहा, '' बीज से लेकर बाजार तक किसानों की चिंता सरकार ही करेगी.''

 

अब दिल्ली में रिलीज नहीं होंगे बीज : शिवराज

केंद्रीय कृषि मंत्री ने इस दौरान बीजों के रिलीज पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब बीज प्रदेशों में अलग-अलग जाकर रिलीज किए जाएंगे. उन्होंने कहा, '' आज हम एक फैसला कर रहे हैं कि कोई भी बीज अब दिल्ली में रिलीज नहीं होगा. प्रदेशों में जाकर किसान के बीच बीज रिलीज करेंगे. किसान भाइयों से मैं निवेदन करना चाहता हूं कि दलहन मिशन के अंतर्गत हम क्लस्टर डेवलप करेंगे. हर किसान को जो क्लस्टर के अंतर्गत आएगा हम बीज का किट भी देंगे.''

 

 

 

मध्य प्रदेश में तैयार होगा दलहन का राष्ट्रीय रोडमैप

केंद्रीय मंत्री शिवराज ने इस राष्ट्रीय सम्मेलन में कहा, '' सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ दलहन उत्पादन पर विशेष मंथन किया जा रहा है. दलहन उत्पादन को बढ़ाने का राष्ट्रीय रोडमैप तैयार किया जा रहा है. इस मिशन के तहत मध्य प्रदेश को अलग से 354 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी.''

Latest news

Related news