60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा के लिए 16 फरवरी को मतदान होगा. चुनाव से पहले बीजेपी ने अपना दम खम दिखाते हुए अगरतला में पीएम मोदी का रोड शो किया . रोड शो को दौरान बड़ी संख्या में लोग पीएम का स्वागत करते नजर आये.
मेगा रोड शो के बाद पीएम मोदी ने अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें कांग्रेस और लेफ्ट पर जम कर निशाना साधा . पीएम ने कहा कि आज भाजपा के पक्ष में माहौल है क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है. त्रिपुरा में आज कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी भाजपा सरकार ने आगे बढ़कर सेवा ना की हो.
पीएम मोदी ने कहा त्रिपुरा के युवाओं, माता-बहनों ने चंदा की कंपनी वालों को फिर से ‘रेड कार्ड’ दिखा दिया है. त्रिपुरा के लोगों ने ऐलान कर दिया है, उन्हें सबका साथ, सबका विकास वाली सरकार चाहिए. इस चुनाव में मुझे जहां भी जाने का अवसर मिला है मैंने देखा है कि फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाने का मन त्रिपुरा के लोगों ने बना लिया है. डबल इंजन की सरकार के लिए आपका समर्थन देखकर मेरी खुशी भी डबल हो गई है.
पीएम मोदी ने राज्य के कांग्रेस-वाम दलों गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास की पहली शर्त होती है कानून व्यवस्था का राज. वामपंथी शासन ने त्रिपुरा को विनाश के रास्ते पर धकेल दिया था. यहां जो हाल थे उसे त्रिपुरा के लोग कभी भी भूल नहीं सकते. वामपंथियों ने त्रिपुरा के लोगों को अपना गुलाम समझ लिया था. पीएम मोदी ने कहा कि 30 साल तक वामपंथी यहां रहें. तब चुनाव के 2-3 महीने पहले हत्या जैसी खबरें आ रही थीं. वो समय था जब एक ही पार्टी के झंडे हर तरफ दिखते थे, किसी और को अनुमति नहीं थी और किसी ने झंडा लगया तो शाम को डंडा आया. हमने रेड सिग्नल हटा कर भाजपा का डबल इंजन लगाया है. पीएम मोदी ने त्रिपुरा की जनता को आगाह करते हुए कहा कि वामपंथी और कांग्रेस अपनी सत्ता की भूख मिटाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि केरल में कांग्रेस और वामपंथियों की लड़ाई चल रही हैऔर त्रिपुरा में दोस्ती कर रहे हैं.

