Nalanda Family Sucide : भारत लगातार दुनिया की अर्थ व्यवस्था में उंची छलांग लगा रहा है. हमारे देश की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुकी है, लेकिन ऐसे में जब ऐसी कोई खबर सामने आती है कि मात्र थोड़े से कर्ज से परेशान होकर किसी ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया है,तो जैसे पूरी मानवीय संवेदना सिहर उठती है. ऐसा ही एक मामला बिहार के नालंदा से सामने आया है, जहां एक परिवार के मुखिया ने अपने पूरे परिवार को जहर देकर मार दिया. घटना नालंदा के गिरियक के पूरी गांव का बताया जा रहा है. दो दिन पहले इस गांव में एक परिवार ने केवल मात्र 5 लाख रुपये का कर्ज ना चुका पाने के कारण मिल रहे ताने से और धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली.
Nalanda Family Sucide : महाजन की धमकी ने ली 5 लोगों की जान
बताया जा रहा है कि मृतक धर्मेंद्र कुमार ने पांच लाख का कर्ज लिया था, लेकिन उसे चुका नहीं पा रहा था. कर्ज देने वाले लगातार पैसा वापस करने के लिए दवाब बना रहे थे, जिसके कारण धर्मेंद्र कुमार काफी परेशान थे. दो दिन पहले धर्मेंद्र ने अपने अपनी पत्नी, दो बेटी और एक बेटे के साथ जहर खा लिया.जहर खाते ही पत्नी,दोनो बेटियां और एक बेटे की मौत हो गई थी, अब धर्मेंद्र कुमार ने भी आज दम तोड़ दिया. इस तरह से केवल 5 लाख रुपये के लिए एक भरा पूरा परिवार सूदखोरों के जाल में फंसकर खत्म हो गया.बताया जाता है कि परिवार में आर्थिक तंगी थी. वहीं महाजन कर्ज को लेकर दबाव बना रहे थे. इससे परेशान होकर पूरे परिवार ने जहर खाकर जान दे दी.
धर्मेंद्र कुमार की पत्नी सोनी देवी, बेटी दीपा, अरिका और बेटे शिवम की जहर खाने के थोड़ी देर बाद ही मौत हो गई थी. धर्मेंद्र कुमार का इलाज पीएमसीएच में चल रहा था लेकिन रविवार देर रात उसकी भी मौत हो गई.अब इस परिवार में केवल एक 7 साल का बच्चा सत्यम जीवित है, जिसने पिता के कहने पर जहर वाला खाना नहीं खाया था. इसी की वजह से उसकी जान बच गई.
घटना के बाद एक व्यक्ति गिरफ्तार
इस घटना ने पूरे नालंदा को झकझोर कर रख दिया है.घटना के संबंध में राजगीर के डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है और शेखपुरा जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. बाकी लोगों की तलाश जारी है, उनको पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.
इस घटना में जमीन विवाद भी एक कारण बताया जा रहा है.धमेंद्र कुमार की मां के मुताबिक जमीन को लेकर उनका अपने गोतिया से विवाद चल रहा था. जिसे बचाने के लिए धर्मेंद्र कुमार ने कर्ज लिया हुआ था. अब कर्ज चुकाने के लिए तीन -चार लोग सुबह शाम आकर गाली गलौच कर रहे थे. इन लोगों ने धर्मेंद्र को पैसा ना देने की सूरत में मारपीट करने की भी धमकी दे रहे थे.

