नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पीतमपुरा में आयोजित रामलीला के दौरान एक विवादित घटना को लेकर उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पारंपरिक पुतलों के साथ कॉकरोच का पुतला जलाए जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
श्रीकेशव रामलीला कमेटी और कपिल मिश्रा के खिलाफ शिकायत
सौरभ भारद्वाज ने अपनी शिकायत में श्रीकेशव रामलीला कमेटी के आयोजकों, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए दिल्ली सरकार के मंत्री और कमेटी के सदस्य कपिल मिश्रा तथा अन्य संबंधित आयोजकों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से इस कार्यक्रम से जुड़े सभी फोटो, वीडियो और प्रचार सामग्रियों को हटाने की भी मांग की है।
दशहरा समारोह में जलाया गया था कॉकरोच का पुतला
मामला दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके का है, जहां मंगलवार को दशहरा समारोह के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पारंपरिक पुतलों के साथ-साथ कॉकरोच के 30 फीट ऊंचे एक पुतले का भी दहन किया गया था। हाल ही में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनों के बाद इस अनोखे पुतला दहन ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों का सफाई में कहना था कि कॉकरोच का पुतला जलाने का मुख्य उद्देश्य केवल गंदगी और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
कपिल मिश्रा का आम आदमी पार्टी पर पलटवार
इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद भाजपा नेता और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि कॉकरोच के पुतले से जिन लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं, असल में वे लोग देश की राजनीति के दीमक हैं।

