अहमदाबाद। गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार को डेयरी और पशुपालन क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 127 एकड़ में फैले अत्याधुनिक बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र विज्ञान और तकनीक के संयोजन से किसानों के कल्याण तथा 'कांकरेज' जैसी स्वदेशी पशु नस्लों के संरक्षण व संवर्धन में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को लगभग 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। इसके अतिरिक्त, वे पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे और दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
बनासकांठा से होगी दौरे की शुरुआत
अपने दौरे की शुरुआत में प्रधानमंत्री शुक्रवार सुबह बनासकांठा पहुंचेंगे। वहां वे भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) प्रयोगशाला का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का दौरा करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर देंगे श्रद्धांजलि
31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री एकता नगर जाएंगे। वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे। इस दौरान वे नर्मदा आरती में शामिल होंगे और एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
अहमदाबाद मेट्रो और हाईवे विस्तार
प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए (कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट) और फेज-2बी (गिफ्ट सिटी से शाहपुर) की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा स्टेट हाईवे-41 को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों और कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात
महिला एवं बाल विकास के तहत 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी और 361 निर्मित केंद्रों का उद्घाटन होगा। वहीं कृषि बुनियादी ढांचा कोष के तहत 4,950 करोड़ रुपये की 521 पूर्ण परियोजनाओं (कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, प्रोसेसिंग यूनिट आदि) को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर 'भारत पर्व 2026' का आगाज़
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री एकता नगर में 'भारत पर्व 2026' का उद्घाटन करेंगे, जो 15 नवंबर तक आयोजित होगा। यह महोत्सव देश की विविध संस्कृति, लोककलाओं और खानपान की झलक प्रस्तुत करेगा। इस दौरान पीएम रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का अवलोकन भी करेंगे।

