नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवाओं के बीच दिनों-दिन मजबूत होती साख से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को 'युवा नेता' मानते थे, लेकिन अब युवाओं के बीच उनकी वह लोकप्रियता नहीं रही।
पीयूष गोयल ने दावा किया कि भाजपा को युवा वर्ग का समर्थन लगातार मिल रहा है। मुंबई उत्तर से सांसद गोयल ने कहा, "जेनरेशन जेड (जेन-जी) हमेशा से हमारे साथ रही है। युवा भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प का लगातार समर्थन कर रहे हैं।"
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि युवाओं के साथ उनका जुड़ाव और सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत उपस्थिति देश की तरक्की की रफ्तार को और तेज करेगी।
पेपर लीक पर कड़े कानून का किया समर्थन राजधानी में युवाओं के प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से जुड़े सवालों पर पीयूष गोयल ने केंद्र सरकार के कदमों का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पेपर लीक जैसी धांधली रोकने के लिए बेहद सख्त कानून बनाए हैं।
विपक्षी दलों के रुख पर साधा निशाना गोयल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने 2010-11 में परीक्षा में धांधली रोकने के लिए कानून की योजना तो बनाई थी, लेकिन उसे लागू करने का साहस नहीं जुटा पाई। वहीं, एनडीए सरकार ने 2026 में इस कानून को संसद से पास कराकर और मजबूत किया, जिसमें सख्त सजा और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का प्रावधान है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों की बार-बार चुनाव हारने की हताशा साफ दिख रही है। जब युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह महत्वपूर्ण विधेयक संसद में आया, तब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आप समेत विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया, जो बेहद निंदनीय है।

