CM विजय ने आलोचकों को दिया जवाब, कहा- जनता का समर्थन हमारी ताकत

CM Vijay Speech चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने अपना संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी को ‘सिर्फ एक एक्टर की पार्टी’ बताने वाले विरोधियों को करारा जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी टीवीके (TVK) केवल किसी अभिनेता के नाम पर नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और जमीन पर किए गए कड़े संघर्ष के दम पर सत्ता में आई है। उन्होंने साफ किया कि प्रदेश के लोगों के दिलों में जगह बनाने के लिए उनकी पार्टी ने लंबा संघर्ष किया है, इसलिए उन्हें इस तरह की राजनीतिक आलोचनाओं की कोई परवाह नहीं है.

 CM Vijay Speech : दो साल में हासिल किया 35 प्रतिशत वोट

संबोधन के दौरान सीएम विजय ने अपनी पार्टी की बड़ी चुनावी सफलता का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी को विधानसभा चुनाव में कुल 35 प्रतिशत वोट मिले हैं. यह बड़ी कामयाबी पार्टी ने महज दो साल के भीतर ही हासिल की है, जिसके पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का अटूट विश्वास है. हालांकि, यहाँ तक पहुँचने के लिए उन्हें कई तरह की राजनीतिक चुनौतियों और विरोधियों की गहरी साजिशों का सामना भी करना पड़ा है.

हमारी राजनीति विचारधारा का विरोध नहीं

मुख्यमंत्री ने अपनी राजनीतिक और वैचारिक सोच को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे किसी भी विचारधारा के विरोधी नहीं हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पेरियार के धार्मिक आस्थाओं को खारिज करने वाले विचारों को उन्होंने जरूर स्वीकार नहीं किया, लेकिन उनके सामाजिक सुधार और व्यापक सिद्धांतों को पूरी तरह अपनाया है. इसके साथ ही उनकी सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के समान अवसर और सामाजिक न्याय के आदर्शों को लेकर आगे बढ़ रही है. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अच्छे से पता है कि उनके राजनीतिक और वैचारिक विरोधी कौन हैं.

करूर भगदड़ का जिक्र कर भावुक हुए सीएम

विधानसभा में करूर में हुई दुखद भगदड़ की घटना को याद करते हुए मुख्यमंत्री विजय भावुक हो गए. उन्होंने नम आँखों से कहा कि उस हादसे में 41 लोगों की मौत की पीड़ा को वे शब्दों में बयां नहीं कर सकते और यह दर्द उनके साथ जिंदगीभर रहेगा. उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि उस भयानक त्रासदी का दोष भी राजनीति के तहत उनकी पार्टी पर मढ़ने की कोशिश की गई. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राजनीति वाकई इतनी क्रूर हो सकती है?

तमिलनाडु की गौरवशाली विरासत का उल्लेख

अपने भाषण के आखिरी हिस्से में विजय ने तमिलनाडु की महान राजनीतिक विरासत का जिक्र किया. उन्होंने इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि साल 1967 में अन्नादुरै ने और साल 1977 में एमजीआर (MGR) ने आम जनता के कल्याण के लिए सरकार बनाई थी. ठीक उसी तरह, साल 2026 में बनी विजय की यह सरकार भी पूरी तरह से आम लोगों और गरीबों के हक के लिए काम कर रही है.

Latest news

Related news