Thursday, July 2, 2026
Home राजनीति केतन मर्डर केस के बीच सामने आया सिया का पुराना वीडियो, किसे...

केतन मर्डर केस के बीच सामने आया सिया का पुराना वीडियो, किसे सुना रही थीं खरी-खोटी?

0
13

पुणे। लोहगढ़ किला मंगेतर हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के कुछ पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद इस पूरे मामले में कई नए मोड़ आ गए हैं। इनमें से एक वीडियो दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जिसमें सिया एक नाइटक्लब के भीतर हाथ में बीयर की बोतल जैसी कोई चीज थामे फोन पर किसी से उलझती दिख रही है। इस क्लिप में वह बेहद गुस्से में अपशब्दों का प्रयोग कर रही है और कह रही है कि पहले उसने धोखा दिया और अब खुद ही फोन कर रहा है। इसके अलावा, एक अन्य वीडियो भी सामने आया है जो कथित वारदात से महज कुछ हफ्ते पहले यानी 7 मई के एक पारिवारिक समारोह का है, जिसमें सिया अपने मंगेतर केतन अग्रवाल और दोनों के माता-पिता के साथ बेहद खुश और जश्न मनाती नजर आ रही है।

मोबाइल फोन से सबूत मिटाने का संदेह

पुलिस की तफ्तीश अब पूरी तरह से इस बात पर टिक गई है कि हत्या के बाद केतन के मोबाइल फोन का क्या किया गया। जांच अधिकारियों के मुताबिक, केतन की मौत के बाद उसका फोन काफी समय तक सिया के पास ही था, जिसे बाद में उसने केतन के परिजनों को सौंप दिया था। सरकारी वकीलों ने अदालत से हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए अंदेशा जताया है कि इस दौरान फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल सबूतों को डिलीट या नष्ट किया गया हो सकता है, जिसकी बारीकी से फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि केतन को गहरी खाई में धकेलने से ठीक पहले ही सिया ने उसका फोन अपने कब्जे में ले लिया था।

हादसे से हत्या में बदली तफ्तीश

शुरुआती दौर में पुलिस ने इस घटना को एक सामान्य दुर्घटना मानते हुए मामला दर्ज किया था, लेकिन जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती गईं, यह मामला एक सोची-समझी हत्या की साजिश में तब्दील हो गया। पुलिस का आरोप है कि 20 साल की सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का पूरा ताना-बाना बुना था।

लोहगढ़ किले में क्राइम सीन का रिक्रिएशन

मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस ने सह-आरोपी चेतन चौधरी को साथ लेकर लोहगढ़ किले के उस खतरनाक मोड़ पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया जहां से केतन को गिराया गया था। इससे पहले पुलिस सिया गोयल को भी मौके पर ले गई थी, जहां उसकी मौजूदगी में एक पुतले (डमी) को चट्टान से नीचे गिराकर वारदात को समझने की कोशिश की गई थी।

पहाड़ी पर की गई थी मर्डर की रिहर्सल

जांचकर्ताओं ने अपनी थ्योरी में एक चौंकाने वाला दावा किया है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने बकायदा इसकी रिहर्सल की थी। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन ने मार्केट यार्ड के पास स्थित एक पहाड़ी पर हत्या का पूर्वाभ्यास किया था। घटना वाले दिन जैसे ही सिया ने चेतन को पहले से तय किया हुआ एक खास इशारा दिया, वैसे ही केतन को चट्टान से नीचे मौत के मुंह में धकेल दिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हर छिपे हुए सच को सामने लाया जा सके।