भीषण गर्मी के कारण यूपी में 24 जून तक बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां,योगी सरकार का बड़ा फैसला

UP Summer Vacation Extended लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 24 जून तक बढ़ा दिया गया है.

UP Summer Vacation Extended: 25 जून से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा. इसके बाद 25 जून से विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू होगा.

सरकार का मानना है कि भीषण गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल बुलाना स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है. ऐसे में यह निर्णय विद्यार्थियों के हित में लिया गया है.

पूरे प्रदेश में लागू होगी एक समान व्यवस्था

पिछले वर्षों में गर्मी और हीट वेव के कारण अलग-अलग जिलों में छुट्टियां बढ़ाने के लिए जिलाधिकारियों को अलग से आदेश जारी करने पड़ते थे. इससे शैक्षणिक कैलेंडर में असमानता पैदा होती थी.

नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरे प्रदेश में एक समान अवकाश प्रणाली लागू होगी. इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को स्पष्ट और पूर्व निर्धारित शैक्षणिक कार्यक्रम मिल सकेगा.

22 जून से स्कूल पहुंचेंगे शिक्षक

विद्यालय खुलने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के लिए 22, 23 और 24 जून को शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है.

इस दौरान लेसन प्लान तैयार किए जाएंगे, मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा और विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकों के वितरण की तैयारी की जाएगी.

स्कूलों में साफ-सफाई और स्मार्ट क्लास पर विशेष जोर

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि विद्यालय परिसर, रसोईघर, शौचालय और अन्य सुविधाओं की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही खेल सामग्री की उपलब्धता, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और अन्य डिजिटल संसाधनों को भी पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाए.

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक और बाल वाटिका संचालन से संबंधित तैयारियां भी इसी अवधि में पूरी की जाएंगी.

220 कार्यदिवस सुनिश्चित करने का लक्ष्य

राज्य सरकार ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निर्धारित न्यूनतम 220 कार्यदिवस सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है. अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित करते समय इस कानूनी प्रावधान का विशेष ध्यान रखा जाए.

सरकार का मानना है कि बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार और बेहतर शैक्षणिक परिणामों के लिए पर्याप्त शिक्षण दिवस बेहद जरूरी हैं.

योग, स्वास्थ्य और अनुशासन पर भी फोकस

योगी सरकार केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दे रही है. इसी क्रम में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा.

इस कार्यक्रम में शिक्षक और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे. सरकार का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जोड़ना है.

बेहतर शिक्षा व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम

शिक्षा विभाग के इस फैसले को बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. एक ओर जहां विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर विद्यालय खुलने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार किया जाएगा.

Latest news

Related news