टी20 विश्व कप विवाद पर बोले लिटन दास, ‘खेल को राजनीति से दूर रखें’

भारत की मेजबानी में संपन्न हुए टी20 विश्व कप का बहिष्कार करने के बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के फैसले पर अब उनकी ही टीम के टी20 कप्तान लिटन दास ने बड़ा बयान दिया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर विश्व कप से पैर पीछे खींचने वाले बांग्लादेशी बोर्ड के दावों की पोल खोलते हुए लिटन दास का दर्द छलक उठा है। कप्तान का यह ताजा बयान बीसीबी के उस पुराने स्टैंड से पूरी तरह अलग है, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों की रजामंदी से टूर्नामेंट छोड़ने की बात कही थी।

क्या था पूरा विवाद और बांग्लादेश के हटने की वजह?

दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। इससे नाराज होकर बीसीबी ने बांग्लादेश में आईपीएल के ब्रॉडकास्ट (प्रसारण) पर बैन लगा दिया था। इसके बाद, विश्व कप के दौरान बांग्लादेशी बोर्ड ने आईसीसी (ICC) के सामने अजीबोगरीब मांग रखते हुए अपने मैच भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट करने को कहा था।

बोर्ड ने आईसीसी को दूसरा विकल्प यह भी दिया था कि ग्रुप-सी में बांग्लादेश की जगह आयरलैंड को शामिल कर लिया जाए और बांग्लादेश को ग्रुप-बी में भेज दिया जाए, क्योंकि आयरलैंड को अपने मैच श्रीलंका में खेलने थे। हालांकि, आईसीसी ने अन्य क्रिकेट बोर्ड्स के साथ बैठक के बाद बहुमत के आधार पर बांग्लादेश की इन शर्तों को सिरे से खारिज कर दिया और उन्हें भारत में ही खेलने का निर्देश दिया। इसके जवाब में बीसीबी ने सुरक्षा का पुराना राग अलापते हुए विश्व कप से हटने का फैसला कर लिया, जिसके बाद आईसीसी ने उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में एंट्री दे दी थी।

लिटन दास ने बोर्ड को घेरा: 'पाकिस्तान से ज्यादा खतरनाक क्या होगा?'

विश्व कप में न खेल पाने के मलाल को जाहिर करते हुए लिटन दास ने बांग्लादेश के एक प्रतिष्ठित अखबार से बातचीत में बोर्ड के सुरक्षा वाले तर्क पर तीखे सवाल उठाए। लिटन ने अपने दौरों के अनुभवों की तुलना करते हुए कहा, "बोर्ड की तरफ से हमसे कहा गया कि भारत में हमारे लिए सुरक्षा नहीं है। हमने उन्हें याद दिलाया कि हम पाकिस्तान में भी क्रिकेट खेल कर आए हैं। वहां स्थिति यह थी कि सुरक्षाकर्मी बंदूकें तानकर हमारे कमरों के बाहर पहरा देते थे। भला उससे ज्यादा खतरनाक और क्या हो सकता है? जब हम वैसी परिस्थितियों में पाकिस्तान में खेल सकते हैं, तो फिर भारत में खेलने में क्या परेशानी थी?"

खेल सलाहकार के दावे को कप्तान ने किया खारिज

इससे पहले बांग्लादेश के अंतरिम खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि टी20 विश्व कप से हटने का फैसला खिलाड़ियों और क्रिकेट बोर्ड ने आपसी सहमति से लिया था। कप्तान लिटन दास ने खेल सलाहकार के इस दावे को पूरी तरह झूठा करार दिया है। लिटन ने साफ किया कि यह फैसला उतनी आम सहमति से नहीं हुआ था जैसा कि दिखाया जा रहा है। उन्होंने अंदेशा जताया कि बोर्ड ने इस आखिरी और बड़े फैसले में खिलाड़ियों की राय और उनके नजरिए को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया था।

Latest news

Related news